बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 जुलाई। गोमची स्थित माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम में निवासरत बुजुर्ग मातृ-पितृजन, और वहां के सेवादार उपस्थित रहे और सभी लोगों ने एक होकर मानव श्रृंखला बनाई और जीवनभर प्रेम, सहयोग, भाईचारे तथा एक-दूसरे के साथ मिलकर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आश्रम ट्रस्टी योगेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी बुजुर्गों एवं उपस्थितजनों के साथ गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया तथा सभी ने अपने-अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योगेश तिवारी ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु के बिना ज्ञान, संस्कार और जीवन की पूर्णता संभव नहीं है। गुरु हमें सत्य, सेवा, अनुशासन, सदाचार और मानवता का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम का संदेश है कि यहाँ न कोई जाति का भेद है, न ऊँच-नीच का और न ही कोई अपना-पराया। यहाँ सभी एक परिवार की तरह प्रेम, सम्मान और अपनत्व के साथ रहते हैं। मानव श्रृंखला बनाकर सभी ने यह संकल्प लिया कि समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए सदैव मिल-जुलकर कार्य करेंगे।योगेश तिवारी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें अपने गुरुजनों, माता-पिता एवं बुजुर्गों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देती है।
समाज तभी मजबूत बनता है जब हम अपने संस्कारों, गुरुओं और वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, आशीर्वाद एवं सभी के मंगलमय जीवन की प्रार्थना के साथ हुआ।