बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 28 जुलाई। बेमेतरा जिले के नेवनारा में चंडी आश्रम के प्रांगण में आयोजित त्रिदिवसीय आवासीय विशाल रामचरित मानस व्याख्यान एवं संगीत कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुईं। जय गंगा माँ कार्यसमिति, नेवनारा एवं माँ भद्रकाली जिला मानस संघ, बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में जिले भर से बड़ी संख्या में मानस मंडलियों, भजन गायकों एवं सनातन धर्म से जुड़े श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष कल्पना तिवारी ने कहा कि श्रीरामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन, नैतिक मूल्यों, परिवार, समाज और मानवता का अमूल्य मार्गदर्शक है। वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से जोडऩे के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में पहली बार इस प्रकार का आयोजन होना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। कार्यशाला में मानस गायन में प्रयुक्त रागों के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
बताया गया कि भारतीय शास्त्रीय संगीत में परंपरागत रूप से छह प्रमुख राग माने गए हैं-भैरव, श्री, दीपक, मेघ, हिंडोल और मालकौंस। इन रागों का अपना-अपना स्वरूप, समय और आध्यात्मिक महत्व है। भारतीय संगीत परंपरा में यह मान्यता रही है कि रागों के शुद्ध, साधनापूर्ण एवं भावपूर्ण गायन से मन, वातावरण और चेतना पर गहरा सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। महान संगीतज्ञों और संतों ने वर्षों की तपस्या, साधना और अनुशासन के माध्यम से राग-संगीत की अद्भुत शक्ति का परिचय दिया है।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षकों ने मानस मंडलियों को सही स्वर, लय, ताल, उच्चारण एवं भाव के साथ चौपाइयों, दोहों और भजनों का गायन करने का अभ्यास कराया। साथ ही यह भी बताया गया कि रामचरितमानस का पाठ केवल संगीत नहीं, बल्कि भक्ति, साधना और आध्यात्मिक अनुशासन का माध्यम है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जब संगीत, भक्ति और संस्कार एक साथ जुड़ते हैं, तब समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोडऩे, युवाओं में संस्कार विकसित करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर श्रीरामचरितमानस के शुद्ध एवं मर्यादित वाचन की परंपरा को आगे बढ़ाएँ तथा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम में शालिग्राम साहू, राजकुमार, ईश्वर सिन्हा ,मदन सिन्हा,अध्यक्ष मां भद्रकाली जिला मानस देवलाल सिन्हा, उत्तम तिवारी,उतम साहू,बिहारी साहू, त्रेता चंद्राकार ,बलराम साहू, ठोकेलाल साहू, रामा साहू,राजा तत्वाय , टिकेंद्र धीवर, पोषण सिन्हा, देवेंद्र जैन सहित मानस मंडलियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।