बेमेतरा

पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
28-Jul-2026 6:30 PM
 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 जुलाई। मध्य भारत के सबसे बड़े वृद्धजन सेवा केंद्र ‘माँ गोदावरी आनंद वन सेवा धाम’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धर्म स्तंभ काउंसिल के सभापति डॉ. सौरव निर्वाणी ने बेमेतरा के किसान नेता और समाज सेवी योगेश तिवारी के साथ पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया,कार्यक्रम में माँ गोदावरी सेवा धाम के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

पौधरोपण के उपरांत डॉ. सौरव निर्वाणी ने कहा कि यह अभियान भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा को दर्शाता है, जहाँ माँ के प्रति कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति दायित्व का अद्भुत संगम है,जैसे माँ संतान का पालन करती है, वैसे ही वृक्ष मानवता को प्राणवायु और जीवन देते हैं,पौधरोपण केवल एक पर्यावरणीय कार्य नहीं, बल्कि मातृ-ऋण चुकाने का एक प्रतीकात्मक संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमें वृक्षारोपण को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखकर जीवन का संस्कार बनाना होगा,यदि हर परिवार शुभ अवसरों पर पौधे लगाए और उनका संरक्षण करे, तो भारत पुन: हरित और समृद्ध बन सकता है।

सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश तिवारी ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ और प्रकृति दोनों जीवनदायिनी हैं,यदि हम वृक्षों को परिवार का सदस्य मानकर उनका संरक्षण करें, तो आने वाली पीढिय़ों के लिए एक सुरक्षित भविष्य का निर्माण होगा,यह पहल केवल पेड़ लगाने का अभियान नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज के निर्माण का आंदोलन है।

डॉ. निर्वाणी ने योगेश तिवारी और उनकी टीम के सेवा कार्यों की संकल्पों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठजनों की जिस आत्मीयता से सेवा की जा रही है, वह ‘मातृ देवो भव:, पितृ देवो भव:’ के आदर्श को चरितार्थ करती है,वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं, योगेश तिवारी अपने अभिभावकों की तरह देश भर से आए वरिष्ठ जनों की सेवा कर रहे हैं यह सभी के लिए अनुकरणीय है, अंत में उन्होंने नागरिकों से प्रकृति संरक्षण और वरिष्ठजनों की सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।


अन्य पोस्ट