बेमेतरा
वैज्ञानिक प्रबंधन की दी गई जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 जुलाई। जिला प्रशासन विकसित भारत जन अभियान के अंतर्गत संचालित हॉफ नदी पुनरुद्धार अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अंधियारखोर में ‘चक भ्रमण प्रशिक्षण कार्यक्रम ’ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदान संस्था के तकनीकी सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें नदी पुनरुद्धार, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हॉफ नदी के पुनर्जीवन के लिए ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, मैदानी अमले एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, नदी तंत्र का वैज्ञानिक अध्ययन करना तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बेमेतरा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हॉफ नदी का पुनरुद्धार केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनसहयोग और सामुदायिक सहभागिता से संचालित एक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जन अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक ग्राम अपने स्थानीय जल स्रोतों एवं नदी तंत्र के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढिय़ों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
संस्था के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को चक भ्रमण की अवधारणा, उसके उद्देश्य एवं व्यवहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में नदी एवं जल स्रोतों का मानचित्रण, जलग्रहण क्षेत्र का अध्ययन, प्राकृतिक संसाधनों का आकलन, भूमि उपयोग की स्थिति, वनस्पति, जल प्रवाह, मिट्टी की गुणवत्ता तथा स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाया गया।