बेमेतरा

आवेदनों के बाद भी समस्या बरकरार, खेतों व स्कूल परिसर में जलभराव
24-Jul-2026 3:55 PM
आवेदनों के बाद भी समस्या बरकरार, खेतों व स्कूल परिसर में जलभराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 24 जुलाई। बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम गिधवा और चमारी के ग्रामीणों ने सुशासन शिविर व कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में आवेदन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

ढाबा डायवर्सन के कारण खेतों में जलभराव की शिकायत

ग्राम गिधवा निवासी ईश्वरी साहू, मतरेखन प्रसाद, जीवन, कैलाश और शिवकुमार सहित अन्य किसानों ने जल संसाधन विभाग एवं कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर शिकायत की थी। किसानों का कहना है कि ढाबा डायवर्सन के निर्माण के बाद से उनके खेतों में जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचता है।

किसानों के अनुसार, जल संसाधन विभाग (नवागढ़) के एसडीओ द्वारा पूर्व में इस संबंध में जांच रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। हालिया वर्षा के बाद मुंगेली-नांदघाट मार्ग पर रपटे के ऊपर बहते पानी और खेतों में भरे जल की तस्वीरें साझा करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि यदि उन्हें क्षतिपूर्ति अथवा समाधान नहीं मिलता है, तो वे कानूनी विकल्प चुनने के लिए बाध्य होंगे।

चमारी के स्कूल परिसर में जलभराव और सुरक्षा को लेकर चिंता

उधर, नवागढ़ ब्लॉक के ही ग्राम चमारी में स्थित शासकीय स्कूल भवन के चारों ओर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने सुशासन शिविर (ग्राम बदनारा एवं कटई) में इस संबंध में आवेदन दिया था। ग्राम पंचायत द्वारा अपने स्तर पर कार्य कराए जाने के बावजूद परिसर में पानी जमा है।

 

ग्रामीणों ने ध्यान दिलाया कि स्कूल परिसर के पास एक विद्युत ट्रांसफार्मर भी स्थित है, जहां जलभराव के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिसर से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट