बेमेतरा

किसानों को समय पर पर्याप्त खाद, बीज कराएं उपलब्ध - कल्पना
24-Jul-2026 3:40 PM
किसानों को समय पर पर्याप्त खाद, बीज कराएं उपलब्ध - कल्पना

जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 24 जुलाई। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों को खेती के लिए समय पर खाद- बीज उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किए। साथ ही किसानों और आमजन की समस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ  प्रेमलता मंडावी जिला सदस्य, बलराम पटेल, प्रीतम चंदेल, अंजु बघेल, प्रिती गोविंद पटेल,  अनिल वर्मा, अंजली नंद राम गंधर्व,  हरीश साहू,सुशीला जोशी,बुंदकुमारी कंवर आदि उपस्थित रहे।

बैठक में कृषि विभाग की योजनाओं, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं एवं कृषि विकास कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति एवं जल संकट से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान शासकीय विद्यालयों में गुणवत्ताहीन शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर गंभीरता से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन उपलब्ध कराने एवं आवश्यक जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्युत विभाग की बिजली आपूर्ति, खनिज विभाग के कार्यों, मंडी बोर्ड की गतिविधियों, उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, वन विभाग के संरक्षण एवं विकास कार्यों तथा मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी विभागवार समीक्षा की गई। साथ ही जिला पंचायत अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।और सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।  बैठक में कृषि विभाग की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद एवं बीज की किसी भी प्रकार की कमी न होने पाए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों एवं वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रहे, ताकि किसानों को समय पर खाद मिले सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने खाद वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने, कालाबाजारी एवं कृत्रिम कमी पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुविधा एवं हितों का संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई तथा जिले के समग्र विकास, ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।


अन्य पोस्ट