बेमेतरा

घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी
24-Jul-2026 3:23 PM
घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी

मोबाइल में चोरी देखी, सीसीटीसी में चोर कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 24 जुलाई। सिंघोरी बायपास रोड स्थित वार्ड नंबर 12 श्रीरामनगर में अपने ससुराल भिलाई गए एक परिवार के बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लगभग 5,60,000 रुपए के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी रकम पर हाथ साफ कर दिया।

दिलचस्प बात यह है कि मकान मालिक को इस चोरी की भनक सैकड़ो किलोमीटर दूर भिलाई में अपने मोबाइल फोन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की लाइव रिकॉर्डिंग फुटेज देखने से लगी। पीडि़त पवन शाह निवासी वार्ड नंबर 12 ने इस वारदात की लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।

पुलिस को घटना के संबंध में प्रार्थी पवन शाह ने बताया कि वह अपनी पत्नी दीपा साहू और अपने दो बच्चों के साथ बीते 21 जुलाई को घर के मेन गेट व मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर अपने ससुराल भिलाई चले गए थे। घर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगे थे। जिनका एक्सेस उनके मोबाइल में था। 22 जुलाई की देर रात लगभग 2.42 बजे से 2.53 बजे के मध्य जब उन्होंने मोबाइल से अपने मकान के सीसीटीवी की वीडियो रिकॉर्डिंग देखी तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर के अंदर घुसते हुए दिखाई दिए। यह देखते हुए तुरंत अपने परिवार के साथ भिलाई से बेमेतरा पहुंचा।

घर पहुंचकर जब पीडि़त ने देखा तो हाल के दरवाजे में लगी कुंडली टूटी हुई थी। कमरे के अंदर जाने का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। अलमारी खंगालने से उसने रखे करीब 70 ग्राम का सोने का रानी हार ,40 ग्राम का सोने का कंगन, सोने की चेन, अंगूठी, मांग टीका, नथनी, फुल्ली, चांदी के पायल, कड़ा, बिछिया व चांदी के बर्तन सहित कुल 4 लाख 60 हजार रुपए कीमत के जेवरात तथा 1,00,000 नगर जुमला कीमती 5 लाख 60 हजार रूपए गायब थे।

सीसीटीसी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद

इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे में दिखे दोनों अज्ञात चरणों की तस्वीर रिकॉर्ड हो चुकी है। जिन्हें सामने आने पर पहचाना जा सकता है। पुलिस ने पीडि़त पवन शाह की शिकायत पर अज्ञात चोरों का खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। प्रार्थी पवन शाह के रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध सदर धारा 305(क),331(4), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध का विवेचना में लिया गया।

एसपी बंसल पहुंचे घटना स्थल

मामले के गंभीरता को मध्य नजर रखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी भूषण एक्वा एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सोनम ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा वह थाना साइबर सेल स्टाफ के साथ वार्ड नंबर 12 सिंगोरी प्रार्थी के मकान पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी त्रिलोक बंसल ने घटना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल संयुक्त संगठित की गई है।


अन्य पोस्ट