बेमेतरा

सहयोगी मानिटरिंग और आत्म मूल्यांकन पर जोर
20-Jul-2026 3:18 PM
सहयोगी मानिटरिंग और आत्म मूल्यांकन पर जोर

टीएलपीएस 2025 रिपोर्ट पर एससीईआरटी में कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 20 जुलाई। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में टीचिंग लर्निंग प्रैक्टिस सर्वे 2025 की रिपोर्ट और उनकी विश्लेषण करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य भर के डाइट संस्थानों के प्राचार्य अथवा उनके प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

इस कार्यशाला में प्राचार्य जेके घृतलहरे के निर्देश पर डाइट से वरिष्ठ व्याख्याता जीएल खुटियारे और थलज कुमार साहू ने भाग लिया। टीचिंग लर्निंग प्रैक्टिस सर्वे 2025 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के दो जिलों में कबीरधाम और नारायणपुर जिला में यह सर्वे कराया गया था।

एससीईआरटी के अतिरिक्त संचालक जे पी रथ ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों पर सबसे ज्यादा प्रभाव प्राथमिक विद्यालय की शिक्षकों का पड़ता है। उस दौरान मस्तिष्क की रचना का कार्य होता है। आप किस तरह से जीवन जिएंगे, इसी की रचना प्राइमरी स्कूल से ही हो जाती है। फिर शब्दों के द्वारा संसार या पूरे ब्रह्मांड की रचना का कार्य किया जाता है। आगे मनुष्य विचलित होता भी है तो वह लौटकर वही आ जाता है। भारतीयों में आत्म मूल्यांकन कम होता है। इसे अध्यात्म का विषय मान लिया जाता है। आज 100 में से एक भी टीचर आत्म मूल्यांकन नहीं करता। इस कार्यशाला में टीचिंग लर्निंग प्रैक्टिस सर्वे  2025 की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। ज्ञात हो कि एफएलएन को सशक्त बनाने के लिए देश में पहली बार इसे लागू किया जा रहा है। कक्षा पहली और कक्षा दूसरी में और भाषा और गणित विषय में सर्वे के लिए इसके माध्यम से यह मूल्यांकन किया जा रहा है। कि देश में एफएलएन के अंतर्गत कक्षा में क्या हो रहा है ? संसाधन और सहयोग में कितनी प्रगति हुई है? टीएलएम प्रशिक्षण, अकादमिक, सहयोग बच्चों के अधिगम, परिणाम का मूल्यांकन भी किया जा रहा है। इस सर्वे को हर 2 साल में होना है।

आज इसकी रिपोर्ट पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कई वर्षों से रिपोर्ट आ रही है। इसकी रिपोर्ट पर किंचित भी संदेह नहीं किया जा सकता है। हमारे प्रयत्न में भी कोई कमी नहीं है, हम विद्यालय तक पहुंचने की भी बात करते हैं। लैंगिक समानता की भी बात करते हैं। हमारा राज्य बेहतर है। तो आखिरकार हमसे कहां पर चूक हो रही हैं।

 बच्चे परफॉर्म क्यों नहीं कर पा रहे हैं? ऐसे कौन से कारण है जिससे छत्तीसगढ़ राज्य में अकादमिक उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहा है। टीएलपीएस देश का ऐसा पहला सर्वे है, जो यह बताता है कि हमारे अंदर कहां कमी रह गई है। यह एक नई सोच है। कक्षा का वातावरण कैसा है शिक्षक की गतिविधियां, नवाचार किस तरह की है। यह हमें बताता है यह सर्वें अपने आप में अनूठा है। यह पहली से तीसरी तक के अध्यापन का विश्लेषण करता है। हमारी पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह हो जाएगी, अगर हमारे बच्चे एफएलएन के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाते है। तीन से आठ वर्ष के बच्चों के लिए यहीं नींव है। अगर बच्चा 8 वर्ष की उम्र में समझ के साथ पढऩा सीख जाता है, तो वह आगे बढ़ जाता है। भाषा और गणित में सीखना सीखाना किस तरह से हो रहा है, गतिविधियों के आधार पर हो रहा है कि नहीं। सीखने की प्रक्रिया को बदलने और बच्चों को सशक्त बनाने की दिशा में यह कार्य करता है।


अन्य पोस्ट