बेमेतरा
बारिश ने खोली बुनियादी सुविधाओं की पोल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 18 जुलाई। नवागढ़ विधानसभा से आए दिन समस्या को लेकर कुछ न कुछ नई तस्वीर आती है। शुक्रवार को अलग-अलग तीन स्थानों से आई तस्वीर बुनियादी सुविधाओं की पोल खोल दी है।
ग्राम संबलपुर में समरसता भवन के आसपास जल भराव इतना की स्कूल जानें वाले बच्चे डरते हैं। इसी गांव में शासकीय अस्पताल के आसपास की स्थिति दर्शनीय है। कंडम भवन एवं कबाड़ कूड़े को देखकर लगता है कि अस्पताल खुद बीमार है।
संबलपुर निवासी सुभाष सोनी ने बताया कि नब्बे की दशक में एक दिन में 15 सौ नसबंदी करवाकर जिस संबलपुर अस्पताल ने रिकार्ड बनाया था आज तस्वीर देखकर लगता है कि सुविधा एवं विकास की नसबंदी हो गई है। क्षेत्र अब आवश्यकतानुसार सुविधा नहीं मिल पा रही है।
पक्की सडक़ हुई पगडंडी
ब्लॉक मुख्यालय से बाघुल होकर कुरदा जानें वाली सडक़ पगडंडी में तब्दील हो गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनी सडक़ में मामूली बारिश में चलना मुश्किल हो जाता है। नवागढ़ पढऩे आने वाले बच्चों को मिट्टी के कारण साइकिल पिकअप पर लादने की मजबूरी वाली तस्वीर भेजते हुए जिला पंचायत सदस्य बाल कुमारी ध्रुव ने कहा कि जिले में शराब दुकान की जगह सुविधा को लेकर जिला प्रशासन जितना गंभीर है, यदि जन कल्याण को लेकर गंभीर होती तो बच्चे साइकिल सवार होकर घर जाते। प्रधान मंत्री ग्राम सडक़ योजना की सडक़ो की दुर्दशा एवं गत दो साल में हुए कार्यों की जांच होनी चाहिए। बाल कुमारी ने कहा कि पक्की सडक़ पगडंडी में तब्दील हो गई यह विकास की गाथा गाने वालों के लिए आइना है।