बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 जुलाई। ग्राम हरदी में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी लाश मिलने से हडक़ंप मच गया। मृतिका आरती साहू ने दो वर्ष पहले गांव के ही विश्वजीत बघेल से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। जिसके बाद दोनों आजीविका के लिए बाहर पलायन कर गए थे और घटना के महज दो दिन पहले ही अपने गृह ग्राम हरदी वापस लौटे थे। आरती की इस अचानक हुई मौत पर मायके पक्ष ने गहरा संदेश व्यक्त किया है, और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतिका के पिता ओमप्रकाश साहू ने पुलिस को आवेदन सौंप कर आरोप लगाया कि आरती को मायके से जमीन के बंटवारे के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। इस मामले पर थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के पिता ने थाना नवागढ़ में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदक ओमप्रकाश साहू, निवासी ग्राम गनिया, ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री आरती साहू ने लगभग दो वर्ष पूर्व ग्राम हरदी निवासी विश्वजीत बघेल से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थी।
पिता का आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से उनकी पुत्री पर पति, ससुर, सास, जेठ एवं जेठानी लगातार मायके की पैतृक संपत्ति में हिस्सा (बंटवारा) मांगने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था। मृतका कथित रूप से अपने पिता को कई बार यह बात बता चुकी थी कि यदि वह हिस्सा नहीं लाएगी तो उसे घर से निकालने या जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
आवेदन के अनुसार, 15 जुलाई को गांव में सूचना मिलने पर पिता को बेटी की मौत की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मृत्यु की सूचना उन्हें नहीं दी। जब वे ग्राम हरदी पहुंचे, तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज चुकी थी। पिता का कहना है कि ससुराल पक्ष घटना को आत्महत्या बताकर अफवाह फैला रहा है, जबकि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी पुत्री की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है।
प्रार्थी ने संबधितों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।