बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 जुलाई। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने नवागढ़ विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का व्यापक मैदानी दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण यात्रा के दौरान कलेक्टर ने बेमेतरा से नवागढ़ प्रस्थान कर नांदल, खैरी, नवागढ़, मुरता का भ्रमण किया। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम नांदल में कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे चावल, शक्कर एवं नमक की गुणवत्ता एवं उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने भंडारण व्यवस्था, स्टॉक पंजी तथा वितरण प्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संचालक को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने, रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने देने के निर्देश दिए।
आवास के लाभ हितग्राहियों को देखने पहुंचे
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी तथा हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
उन्होंने लाभार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन की दृष्टि से इस कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालीन जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों से किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
नांदल स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित अध्ययन-अध्यापन, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
खैरी में बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाकर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ग्राम खैरी स्थित प्राथमिक शाला पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा ब्लैकबोर्ड पर स्वयं बच्चों को पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण व्यवस्था का लिया जायजा
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार, वजन मापन, टीकाकरण एवं अन्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई, शौचालय की व्यवस्था तथा बच्चों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
नवागढ़ में कस्तूरबा छात्रा आश्रम का किया निरीक्षण
कस्तूरबा छात्रा आश्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तहसील एवं एसडीएम कार्यालय का किया निरीक्षण
मैदानी भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने नवागढ़ तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देने कहा ।