बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 जुलाई। जय जगन्नाथ महोत्सव समिति के तत्वावधान में लगातार 12 वर्ष गुरुवार को शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा धूमधाम से निकल गई। फूलों से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद विराजमान किया गया। दोपहर 1 बजे नवीन बाजार से शुरू हुई यह भव्य यात्रा नयापारा, गश्तचौक, सिग्नल चौक, परशुराम चौक, जय स्तंभ चौक , पीयर्स चौक गायत्री मंदिर, पीकरी और प्रताप चौक से हुए राम मंदिर में संपन्न हुई। इस दौरान पूरा शहर जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा।
रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा अर्चना के लिए सडक़ों पर भक्तों का हुजुर्ग उमड़ पड़ा। हर कोई भगवान के झलक पाने को बेताब दिखा। महाप्रभु का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं के बीच होड़ मची रही। क्योंकि माना जाता है कि रथ खींचने से पुण्य मिलता है। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं को चना और मूंग का विशेष प्रसाद वितरित किया गया। माहौल पूरी तरह से भक्ति में और उत्साह से साराबोर नजर आया।
आयोजन की सफलता की सराहना करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा हर वर्ष रथ यात्रा का यह सफल आयोजन बेहद सराहनीय है। आज की युवा पीढ़ी जिस तरह पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रही है, उसे देखते हुए हमारे सनातन संस्कृति को बचाए रखने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से इस यात्रा में शामिल होता है उसे मोक्ष मिलता है। रथ यात्रा के मार्ग में आने वाले प्रमुख मार्ग नयापारा, महेश चौक, सिग्नल चौक, परशुराम चौक, भारत माता चौक समेत शहर के अन्य स्थानों पर सर्व समाज के लोगों ने भगवान जगन्नाथ की अगवानी कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रथ पर पुष्प वर्षा कर आरती उतारी। इसके साथ ही कई स्थानों पर रथ यात्रा में शामिल भक्तों की सेवा के लिए विशेष स्टाल लगाए गए।
यहां महाप्रसादी के साथ श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, शरबत, फल आदि का वितरण कर पुण्य लाभ कमाया गया।
लोकनृत्य थे आकर्षक के केंद्र
इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य गड़वा बाजा, राम धुन, राउत नाचा के कलाकार आकर्षक नित्य प्रस्तुत कर रहे थे।जगन्नाथ महाप्रभु के इस यात्रा रथ यात्रा में शहर के कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समिति से बाबा तंबोली, अरुण नंदवाना, गुड्डा गुप्ता, अमेरिका निर्मलकर, दिनेश सिंह, लखीसराय, योगेश्वर, महादेव आदि उपस्थित रहे।