बेमेतरा

क्रिएटिव एक्सपो नई सोच, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता को एक मंच देने का माध्यम - कल्पना
16-Jul-2026 3:27 PM
क्रिएटिव एक्सपो नई सोच, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता को एक मंच देने का माध्यम - कल्पना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 16 जुलाई।  मानस जैन भवन में आयोजित दो दिवसीय क्रिएटिव एक्सपो का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी परिसर का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रदर्शकों से आत्मीय संवाद कर उनके नवाचारों और तकनीकी प्रस्तुतियों की जानकारी प्राप्त की।

कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि क्रिएटिव एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नई सोच, आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को एक मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं, उद्यमियों, इवेंट इंडस्ट्री तथा तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नए अवसरों से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक तेजी से बदल रही है और हमें भी समय के साथ नई तकनीकों को अपनाना होगा। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं नए व्यवसायिक अवसरों की दिशा में प्रेरित करते हैं तथा प्रदेश में रचनात्मक उद्योगों को नई पहचान दिलाने का कार्य करते हैं।

 एक्सपो के दौरान उन्होंने अत्याधुनिक लाइट डेकोरेशन, प्रोफेशनल डीजे साउंड सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक सिस्टम, एलईडी डिस्प्ले, स्टेज लाइटिंग, इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े उपकरणों तथा आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत नवीन तकनीकों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की उन्होंने सराहना करते हुए इसे अत्यंत आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक बताया। तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभा और नवाचार की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल ऐसे मंचों की है, जहां स्थानीय उद्यमियों, कलाकारों एवं युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिले। उन्होंने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में तकनीकी विकास, रचनात्मकता और उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करेंगे।

उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं कौशल विकास को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। दो दिवसीय इस एक्सपो में प्रदेशभर से आए प्रदर्शकों ने नवीन तकनीकों एवं आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया।

 जिसे देखने बड़ी संख्या में व्यवसायी, तकनीकी विशेषज्ञ, युवा, इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोग एवं आम नागरिक पहुंचे। पूरे आयोजन में उत्साह, नवाचार और आधुनिक तकनीक का अद्भुत समन्वय देखने को मिला, जिसने इसे सभी के लिए यादगार और प्रेरणादायक बना दिया।


अन्य पोस्ट