बेमेतरा
बेमेतरा, 11 जुलाई। पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के उपरांत एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी दुष्यंत साहू ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह ग्राम खाती के राहुल साहू के साथ मिलकर काम करता था। राहुल के प्रलोभन में आकर उसने न केवल अपना बल्कि आसपास के ग्रामीण को बैंक खाता खुलवाया। यह लोग बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड राहुल को सौंप देते थे जिसका उपयोग साइबर ठग अवैध रूप से प्राप्त राशि को ठिकाने लगाने के लिए करते थे। पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक आफ महाराष्ट्र के पासबुक जब्त की है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी है।
तमिलनाडु से जुड़े हैं तार
जांच के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को इंडियन ओवरसीज बैंक से एक संदेही खाते के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। विस्तृत पड़ताल और बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन से पता चला कि आरोपी दुष्यंत कुमार साहू (21) के खाते में 18 सितंबर 24 से 31 में 25 के बीच लगभग 95 लख रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ था। साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के मिलन पर स्पष्ट हुआ कि आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के दो शिकायतकर्ताओं के साथ हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि इसी खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी एवं बीएनएस के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।