बेमेतरा

खर्च के पैसे न देने पर नाना-नानी पर हमला, आरोपी बंदी
09-Jul-2026 7:04 PM
खर्च के पैसे न देने पर नाना-नानी पर हमला, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 9 जुलाई। बेमेतरा जिले के गाड़ाडीह में खर्चे के लिए पैसे नहीं देने से नाराज एक युवक ने अपने नाना-नानी के सिर पर लोहे के तवे से प्राणघातक हमला कर दिया। घटना में वृद्ध महिला को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी धनीराम मारकंडे गाड़ाडीह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जुलाई की रात करीब 8 बजे उसका भांजा अनिल बारले शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसने अपने नाना तुलसीराम मारकंडे और नानी शांति बाई मारकंडे से खर्चे के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी वाद-विवाद करने लगा और हत्या की नीयत से घर में रखे लोहे के तवे से दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले के कारण बुजुर्ग महिला शांति बाई के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने लगा। घटना के तत्काल बाद पीडि़तों के परिजनों ने डायल 112 को कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से दोनों घायल बुजुर्गों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल परपोड़ी ले जाया गया, जहां महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल, रायपुर भेज दिया है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी अनिल बारले के खिलाफ बीएनएस की धारा 109  के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान बेमेतरा की स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एसएफएल) यूनिट का भी सहयोग लिया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही अनिल बारले को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पैसे के विवाद को लेकर अपने नाना-नानी पर जानलेवा हमला करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को  गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से न्यायाधीश के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट