बेमेतरा

जलकुंभी में फंसकर 30 भैंसों की मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम
08-Jul-2026 6:09 PM
जलकुंभी में फंसकर 30 भैंसों की मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 8 जुलाई। ग्राम पठारीडीह में खारुन नदी में फैली जलकुंभी के बीच फंसकर लगभग 30 भैंसों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के 25 घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस बचाव दल या विशेषज्ञ टीम नहीं पहुंची। जिससे आक्रोशित बेमेतरा जिले के कंडरका निवासी पशुपालक मिथुन यादव सहित अन्य पशुपालकों ने प्रशासन पर लापरवाही आरोप लगाया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की असंवेदनशीलता के कारण न केवल मवेशियों की जान गई, बल्कि अब उनके शवों के सडऩे से नदी का जल भी जहरीला और दूषित हो सकता है।

प्रशासनिक सुस्ती और बचाव कार्यों में देरी से आक्रोशित ग्रामीण और पीडि़त पशुपालकों ने पठारीघाट खारून पुल पर मोर्चा खोल दिया है। अपनी संपत्ति और मवेशियों के खो जाने के बाद हताश ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। ग्रामीणों का तर्क है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद नदी से जलकुंभी की सफाई नहीं  की गई है।

बताया जाता है कि अधिकांश मृत भैंसे बेमेतरा जिले के कंडरका गांव निवासी  मिथुन यादव की बताई जा रही है। कंडरका गांव, पठारीडीह का पड़ोसी गांव है और दोनों गांव नदी के इस पार और उस पार स्थित है।

मवेशी मालिकों को समझाया गया - तहसीलदार

तहसीलदार भिंभौरी केआर वासनिक ने बताया कि मवेशी मालिकों को समझाया गया है, उचित मुआवजा के लिए प्रकरण तैयार करने की बात कही गई है।  जलकुंभी में मवेशियों के फंसने से मौत होने से मवेशी मालिक नाराज थे।


अन्य पोस्ट