बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 जुलाई। दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी स्व. भागवत प्रताप उपाध्याय की 92 वर्षीय पत्नी राधाबाई उपाध्याय पिछले लगभग एक साल से अपने नाती-पोतों के लिए स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रही है। लेकिन अब तक उन्हें प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया गया है।
राधाबाई उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने 11 जुलाई 2025 को तहसीलदार नांदघाट को आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद 17 अक्टूबर 2025 को तहसीलदार नांदघाट ने जांच पूरी कर अपना प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को भेज दिया। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि आवेदिका के नाती स्वतंत्रता सेनानी के वैद्य आश्रित है और उन्हें नियमानुसार प्रमाण-पत्र का लाभ मिलना चाहिए।
उच्च शिक्षा में लाभ से वंचित हो रहे हैं बच्चे
परिवार का कहना है कि स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र के अभाव में उनके नाती-पोते उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध आरक्षण और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। इससे उसके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
मात्र आश्वासन, समाधान नहीं
राधाबाई उपाध्याय का आरोप है कि कलेक्टर कार्यालय में संबंधित शाखा के अधिकारी उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगवा रहे हैं। लेकिन मामले का निराकरण नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि जांच पूरी होने और पात्रता की पुष्टि होने के बावजूद प्रमाण-पत्र जारी करने में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। राधाबाई ने कहा -जिन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से देश आजाद हुआ आज उनके परिवार को ही अपने अधिकार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
शीघ्र जारी करने की मांग
परिवार ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी करने की मांग की है।