बेमेतरा

30 परिवार गंदे पानी व कीचड़ के जलभराव में फंसे
06-Jul-2026 4:19 PM
30 परिवार गंदे पानी व कीचड़ के जलभराव में फंसे

संकट में जीवन, दो साल से झेल रहे परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 6 जुलाई।  मानसून की शुरुआत के साथ ही जिले के ग्राम पंचायत केसडबरी में जल भराव की पुरानी समस्या एक बार फिर विकराल हो गई है। वार्ड क्रमांक 3 और 4 के करीब 30 से अधिक परिवार गंदे पानी और कीचड़ के बीच रहने को मजबूर है। ग्रामीणों का कहना है कि इन वार्डों में पूरे वर्ष जल भराव की स्थिति बनी रहती है। जबकि बारिश शुरू होते ही हालात और भी बदतर होकर जाते हैं।

पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कच्चे मकान के गिरने का खतरा बढ़ गया है। वही जहरीले सांप, बिच्छुओं के घरों तक पहुंचाने के आशंका से लोग भय के साए में जीवन बिता रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस पहन नहीं की है।

निकासी का प्राकृतिक रास्ता बंद होने से बढ़ती परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार जल भराव की मुख्य वजह पानी निकासी के प्राकृतिक मार्ग का बंद हो जाना है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने खेत से पानी के बहाव का रास्ता रोक दिया है, जिससे बारिश और घरेलू उपयोग का पानी वार्डो में ही जमा हो रहा है। सरपंच प्रतिनिधि विजय वर्मा ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन के अधिकारियों को लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीण बोले दो साल से झेल रहे परेशानी

ग्रामीण दुकलहा प्रसाद ने बताया कि पिछले दो वर्षो से वे लगातार जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गंदे पानी के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है, और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वही रमेश कुमार ने बताया कि लगातार पानी भरे रहने से कच्चे मकान की दीवारें कमजोर हो रही है। बारिश बढ़ाने पर मकान गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि प्रशासन ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो बड़ा हादसा हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पहले जिले के राउरपुर गांव में बारिश के दौरान जर्जर दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। इसके बावजूद जल भरा और जर्जर मकान जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कम नहीं उठाए गए हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्ताक्षेपकर पानी निकासी की स्थाई व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किए गए तो जल भराव केवल बीमारियों का कारण ही नहीं बनेगा, बल्कि किसी बड़े मानवीय हादसे की आशंका भी बनी रहेगी।


अन्य पोस्ट