बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 जुलाई । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरोज नंद दास की अध्यक्षता में जिला जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, अपर कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कृषि अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जेल लीगल एड क्लीनिक, बंदियों को दी जा रही विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान बंदियों ने बताया कि जेल में जातिगत भेदभाव नहीं है। निरीक्षण में पाया गया कि जेल के अभिलेखों एवं रजिस्टरों में जाति संबंधी उल्लेख नहीं है।
अधिकारियों ने मनोरंजन सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। जेल की दो बैरकों में टेलीविजन की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त बंदियों को वाद्ययंत्र (तबला, ढोलक, झांझ, मंजीरा) तथा खेल सामग्री (लूडो एवं कैरम) उपलब्ध कराई गई है।
जलापूर्ति, भोजन और स्वास्थ्य व्यवस्था
जिला जेल में तीन ट्यूबवेल, एक आंतरिक जल टंकी तथा एक ओवरहेड टंकी के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था है। बोर्ड ने भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि जेल मैनुअल के अनुरूप प्रतिदिन बदलते मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला जेल में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदनलाल स्वर्णकार प्रत्येक मंगलवार को बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं जबकि फार्मासिस्ट प्रतिदिन उपलब्ध रहते हैं।
इसके अलावा जेल लीगल एड क्लीनिक, विधिक सहायता हेल्प डेस्क, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, वस्त्र और शौचालय व्यवस्था का भी अवलोकन कर निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र का वितरण
इस अवसर पर जिला जेल में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 12 दिवसीय ‘लघु उद्यमी फास्ट फूड स्टॉल’ प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विचाराधीन बंदियों को बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक पहल है।