बेमेतरा

बारिश में टापू बना स्कूल, आंबा में चल रही पढ़ाई, पाठ्य पुस्तकें भी नहीं पहुंची
03-Jul-2026 4:27 PM
बारिश में टापू बना स्कूल, आंबा में चल  रही पढ़ाई, पाठ्य पुस्तकें भी नहीं पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 3 जुलाई। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थित एक बार फिर सामने आई है। बरसात शुरू होते ही कई स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कहीं स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो रहा हैं तो कहीं जर्जर भवन के कारण बच्चों कक्षाएं आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित की जा रही हैं। ऐसे हालात में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।

दाढ़ी-छिरहा मार्ग स्थित ग्राम सूखाताल (सुरंग दरहा) जहां मामूली बारिश के बाद स्कूल तालाब में तब्दील हो जाता है। दाढ़ी के निकट ग्राम सुरंग दहरा जहां प्राथमिक स्कूल भवन जर्जर हो गया है। भवन के एक किनारे में केवल स्मार्ट मीटर सुरक्षित है। बच्चों की जान बचाने गांव वालों की सहमति पर टीचर आंगनबाड़ी केंद्र में स्कूल लगा रहे हैं। एक कमरे में पांच कक्षाएं संचालित है। बाहर तीन शेड लगाकर मिड डे मिल बनाया जाता है।

 गुरुवार को स्कूल एवं स्थिति की पीड़ा बताते हुए छात्रों ने कहा कि हम सीएम हेल्प लाइन में संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं उनसे गांव की तस्वीर बताते हुए इसे मन की बात में शामिल करने को कहेंगे।

नहीं मना सके उत्सव

नवागढ़ ब्लाक में खबर लिखे जाने तक कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए निशुल्क पाठ्यपुस्तकंे स्कूलों में अब तक नहीं पहुंच सकी। पुस्तकों की अनुपलब्धता के कारण अधिकांश स्कूलों में इस वर्ष शाला प्रवेश उत्सव भी उत्साहपूर्वक नहीं मनाया जा सका। स्थित है कि राज्यपाल के गोद लिए गए टेमरी गांव के स्कूल तक भी अभी पुस्तके नहीं पहुंची हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

कांग्रेसी नेता अंजोर दास घृत लहरे ने सूखा ताल स्कूल की तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि बच्चे तो तैरना सीख जाएंगे। कौन डूबेगा यह लोग समझ गए हैं। सुरंग दहरा तो नमूना है नवागढ़ विधानसभा में एक दर्जन स्कूल की यहीं हाल है।

अंजोर दास ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की फटकार, योग दिवस पर विधायक की नाराजगी, जिले के लोगों ने देख लिया है। नवागढ़ विधानसभा ही नही जिले में पूरा सिस्टम फेल है। दो साल से स्कूल जतन की जांच नहीं हो सकी जिसके कारण जुगाड़ में स्कूल चल रहे हैं।

किताबें मिलेगी जल्द-डीईओ

जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने बताया कि नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति की प्रक्रिया जारी हैं और शीघ्र ही सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएगी।


अन्य पोस्ट