बेमेतरा

24 घंटे से झमाझम बारिश, तहसील दफ्तर में जलभराव
03-Jul-2026 4:00 PM
24 घंटे से झमाझम बारिश, तहसील दफ्तर में जलभराव

नेशनल हाईवे में भरा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 3 जुलाई। जिला मुख्यालय में  झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर जहां खुशी बिखेर दी, वहीं शहरवासियों के लिए पहली बारिश विकास कार्यों के पोल खोलने वाली साबित हुई। करोड़ों की लागत से बनी सडक़ों पर जल भराव ने नगर की लचर ड्रेनर व्यवस्था को उजागर कर दिया है। नेशनल हाईवे से लेकर तहसील कार्यालय और मुख्य मार्गो तक पानी भरने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

शहर के मुख्य मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा 33 करोड रुपए की लागत से बनाई गई करीब 3 किलोमीटर लंबी सडक़ इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। पीकर से लेकर अशोका विहार कॉलोनी तक बनी इस सडक़ में डिवाइडर और लाइट पोल तो लगाए गए, लेकिन जल निकासी की बुनियादी जरूरत को नजर अंदाज कर दिया गया। विशेष रूप से बांदा तालाब के पास स्थिति गंभीर है। जहां बारिश का दौरान 18 इंच से अधिक पानी भर गया।

 निर्माण के पूर्व स्थानीय निवासियों और जानकारो ने यहां  पुलिया या रपटा बनाने की मांग की थी, ताकि बारहमासी जल भराव की समस्या का स्थाई हल हो सके। दुर्भाग्यवश विभाग ने इस महत्वपूर्ण मांग को सिरे से खारिज कर दिया। जिसका परिणाम यह है कि अब करोड़ों की सडक़ पर भी राहगीरों को अपना रास्ता बदलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। बीच में बने सीसी रोड डिवाइडर के कारण पानी का बाहव रुक जाता है, जिससे स्थिति और भी विकट हो गई।

निर्माण में लापरवाही का एक और उदाहरण तहसील कार्यालय भवन के रूप में सामने आया है। वर्ष 2023-24 के दौरान इस भवन की मरम्मत और संसाधन पर प्रशासन ने 37 लख रुपए की बड़ी राशि खर्च की थी। इसके बावजूद भवन की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। पहले ही सीलिंग वाल गिरने की घटना हो चुकी है और अब पानी की निकासी व्यवस्था के अभाव में पहली बारिश में ही पूरा कार्यालय परिषद जलमग्न हो गया।

परिसर के अंदर पानी भरने से कर्मचारी और काम के लिए आने वाले ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। यह स्थिति स्पष्ट करती है की मरम्मत में केवल खाना पूर्ति की गई। और जल निकासी जैसी तकनीकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है।

प्लानिंग का अभाव

बारिश में शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। बाजार पारा से सिंघोरी जाने वाले मार्ग पर बीते 5 वर्षों से नाली निर्माण की मांग लंबित है। लेकिन अब तक इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। नालियों के अभाव में बारिश का पानी सीधे सडक़ और स्कूल परिसर में भर रहा है। जिससे विद्यार्थी और स्थानीय निवासियों का निकलना दूभर हो गया है। शहर के अन्य निचले इलाकों में भी यही हाल है। जहां नालियों की सफाई न होने और सुनियोजित ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण जल भराव की स्थिति बनी हुई है। नगर के नियोजित विकास में प्लानिंग की कमी शहर के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। जिसके कारण करोड़ों के निर्माण में जनता को राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट