बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 जून। खनिज विभाग की टास्क फोर्स ने 25 जून को सिलघट में अवैध मुरुम उत्खनन की सूचना पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान स्थल पर मुरुम का अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। कार्रवाई के दौरान एक चेन माउंटेड मशीन उत्खनन स्थल पर लावारिस अवस्था में मिली, जिसे टीम द्वारा मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार ग्राम सरपंच के सुपुर्द किया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि उक्त प्रकरण में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मशीन के स्वामी एवं अवैध उत्खनन में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भटगांव में भी अवैध मुरुम खनन पर कार्रवाई
जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने तहसील देवकर अंतर्गत ग्राम भटगांव में अवैध मुरुम खनन की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान ग्राम भटगांव में मुरुम का अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन एवं दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। जब्त किए गए सभी वाहनों को नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना परपोडी के सुपुर्द कर दिया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि इस प्रकरण में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और अवैध खनन में संलिप्त सभी जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।