बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 जून। लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल की सलाखों के पीछे 9 माह तक यातनाएं सहने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं लोकतंत्र सेनानी हृदय नारायण निर्वाणी का 28 जून को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं प्रदेशभर से आए लोकतंत्र सेनानियों की उपस्थिति में जिले से उनका अभिनंदन करेंगे।
देश में 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय माना जाता है,उस दौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक विस्तारक रहे हृदय नारायण निर्वाणी ने लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया,परिणामस्वरूप तत्कालीन इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार ने उन्हें मीसा के तहत गिरफ्तार कर रायपुर केंद्रीय कारागार में 9 माह तक बंद रखा।
हृदय नारायण निर्वाणी बताते हैं कि जेल की चारदीवारी के भीतर शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाती थीं, लेकिन लोकतंत्र के प्रति आस्था और राष्ट्रभक्ति को कोई शक्ति झुका नहीं सकी। उनके साथ शांताराम शराफ, मानकचंद सुराना, सच्चिदानंद उपासने, श्रीगोपाल व्यास, बसंत दुबे सहित अनेक लोकतंत्र सेनानी भी लंबे समय तक कारागार में निरुद्ध रहे,वहीं बेमेतरा क्षेत्र से महेश तिवारी, मुंशीराम ठाकुर, डॉ. वीरेंद्र कुमार दानी, मुखीराम साहू तथा बल्लू तिवारी जैसे राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल गए यातनाएँ सही और संघर्ष किया।
लोकतंत्र बचाने के लिए जेल जाना पड़ा, कोई पछतावा नहीं - निर्वाणी
सम्मान समारोह से पूर्व हृदय नारायण निर्वाणी ने बताया हमारे सामने दो रास्ते थे। अन्याय के सामने झुक जाना या लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना, हमने संघर्ष का मार्ग चुना,जेल की यातनाएं स्वीकार कीं, लेकिन राष्ट्र और लोकतंत्र के साथ समझौता नहीं किया,आज का यह सम्मान उन लाखों स्वयंसेवकों और लोकतंत्र सेनानियों को समर्पित है जिन्होंने अपने जीवन का स्वर्णिम समय राष्ट्रहित में बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा लोकतंत्र केवल संविधान की किताबों में नहीं, बल्कि उन लोगों के त्याग में जीवित रहता है जो कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और लोकतंत्र के पक्ष में खड़े रहते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को सम्मान देकर इतिहास के उन अनसुने नायकों को नई पहचान दे रहे हैं,यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि लोकतंत्र के लिए दिए गए बलिदानों को नमन करने का अवसर है,आने वाली पीढिय़ों को यह जानना चाहिए कि आज की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों के पीछे हजारों देशभक्तों का संघर्ष छिपा है।
इस सम्मान समारोह में हृदय नारायण निर्वाणी की पुत्रवधू एवं भाजपा महिला मोर्चा बेमेतरा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी भी उपस्थित रहेंगी,उन्होंने कहा कि यह केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे जिले का सम्मान है।
प्रज्ञा निर्वाणी ने भावुक होते हुए बताया जब राष्ट्र और लोकतंत्र संकट में था, तब हमारे वरिष्ठजनों ने अपने व्यक्तिगत हितों की चिंता किए बिना संघर्ष किया,उनका सम्मान नई पीढ़ी को राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा देगा।