बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 18 जून। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व विधायक व जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल कार्यालय का कल घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने राज्य सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने और क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती को बंद करने की मांग की।
घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यपालन अभियंता (विद्युत मंडल संभाग) को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिले और विधानसभा क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर, इंसुलेटर और ए.बी. स्विच की कमी बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। संगठन ने उपभोक्ताओं को मिल रहे अधिक बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ईंधन की कीमतों के साथ-साथ अब बिजली दरों में भी लगातार वृद्धि की जा रही है, जिससे आगामी समय में उपभोक्ताओं के लिए बिल चुकाना कठिन हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई हाफ बिजली बिल योजना की छूट को भी प्रभावित किया जा रहा है। श्री छाबड़ा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आम जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष निरंतर आवाज उठाएं ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान मंच संचालन मनोज शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंगत साहू, प्राणीश चौबे, प्रांजल तिवारी, कविता साहू, दिनेश पटेल, मिथलेश वर्मा, रश्मि मिश्रा, रोशन सिन्हा, देवेंद्र साहू, ईश्वर वर्मा, विवेक राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।