बेमेतरा

भाजपा अघोषित रूप से डाका डालने का काम कर रही -छाबड़ा
17-Jun-2026 4:23 PM
भाजपा अघोषित रूप से डाका डालने का काम कर रही -छाबड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 जून। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा की राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में घरेलू बिजली की दरों में 50 पैसे तक प्रति यूनिट बढ़ोतरी किए जाने को अघोषित रूप से  आम जनता के घरों में डाका डालने की कार्रवाई कहा है।

 पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि भाजपा की चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार दोनों ही सरकारी अपनी-अपनी जगह पूरी तरह से विफल हो चुकी है। डबल इंजन का जो कॉन्सेप्ट इन्होंने आम जनता के सामने रखा था, वह पूरी तरह से फेल हो चुका है। डीजल गैस के दामों में 2 से 3 बार की जा रही बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूटी हुई है, उस पर से बिजली बिल में बढ़ोतरी किया जाना, वह भी तब जब राज्य सरकार आम जनता को बराबर विद्युत सप्लाई भी नहीं दे पा रही है। दिन में प्रतिदिन 4 से 5 घंटे विद्युत कटौती भीषण गर्मी में लोगों को झेलनी पड़ रही है। लोगों के घरों में लगातार बिजली कटौती के कारण विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं और उसे बनवाने का भार भी आम जनता को झेलना पड़ रहा है और बिजली बिल आसमान छू रहे हैं।

एक ओर जहां विद्युत मंडल ने लोगों से स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली बिल की लूट मचा रखी है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार द्वारा लगातार विद्युत की दरो में बढ़ोतरी किया जाना फिर से लोगों को लालटेन युग में ले जाने की तैयारी लग रहा है। भाजपा सरकार आज चारों दिशाओं में फेल हो चुकी है इनसे राज्य संभाल नहीं रहा है।


अन्य पोस्ट