बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 17 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में लक्ष्मण देवांगन, विकास पुरी गोस्वामी, ओमप्रकाश साहू, प्रमोद जोशी, रामप्रसाद निषाद, प्रहलाद साहू, रश्मि मिश्रा, सुरेश कुमार भारती, धर्मेंद्र कुमार, लवकुश दास, गोपीकिशन, लक्ष्मीकांत, डॉ. अजीत नायक, राकेश साहू, खिलेश्वर वर्मा, नितिन साहू एवं भारत कुमार सेन ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान शिविर के सफल संचालन में रक्त संक्रमण अधिकारी डॉ.पीआर पोपटानी, डॉ. पवन कुमार वर्मा, डॉ. अजीत नायक, विजय कुमार दौरे, भूपेंद्र कुर्रे , विष्णु पटेल, कुलेश्वरी साहू, हरिशंकर तथा रानी सहित जिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।


