बेमेतरा

जल संकट से जूझ रहे 9 ग्राम पंचायतों को जिपं अध्यक्ष ने वितरित किए पानी टैंकर
10-Jun-2026 8:42 PM
जल संकट से जूझ रहे 9 ग्राम पंचायतों को  जिपं अध्यक्ष ने वितरित किए पानी टैंकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 10 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीणों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी द्वारा 15वें वित्त आयोग की राशि से 9 ग्राम पंचायतों को पानी टैंकर प्रदान किए गए।

इस योजना के अंतर्गत बेरलाकला, बोरिया, लाटा, गोड़गिरी, गुधेली, खंगारपाठ, सिलघट (भिंभौरी), कण्डरका एवं बीजभाट (बेमेतरा विकासखंड) ग्राम पंचायतों को पानी टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। इन पंचायतों में गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या को देखते हुए लंबे समय से पानी टैंकरों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

 इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि पानी जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में भीषण गर्मी के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्तर प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को पेयजल संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में ये पानी टैंकर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बनेंगे और जरूरतमंद क्षेत्रों तक समय पर पानी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन टैंकरों के माध्यम से गांवों के विभिन्न वार्डों, दूरस्थ बस्तियों एवं जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में भी इनका उपयोग जनहित में किया जा सकेगा।

कल्पना योगेश तिवारी ने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इन पानी टैंकरों का उपयोग केवल संबंधित ग्राम पंचायतों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आवश्यकता पडऩे पर आसपास के जल संकट प्रभावित गांवों, आश्रित बस्तियों एवं मोहल्लों में भी पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि यह संसाधन पूरे क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए हैं और किसी भी गांव को पानी की समस्या से जूझने नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के इस मौसम में सभी ग्राम पंचायतें आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करें तथा जहां भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास करें। जनहित सर्वोपरि है और आमजन को राहत पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन की मंशा है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा किसी भी क्षेत्र को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पानी टैंकरों की उपलब्धता से संबंधित ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही भविष्य में भी जनहित और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पानी टैंकरों की उपलब्धता से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी तथा जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पानी पहुंचाया जा सकेगा।


अन्य पोस्ट