बेमेतरा

संडे ऑन साइकिल: फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
08-Jun-2026 3:52 PM
संडे ऑन साइकिल: फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 8 जून। भारत सरकार के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का विशेष आयोजन किया गया। इसी अवसर पर ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह भी उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाडिय़ों, स्कूली विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जुम्बा डांस ने बढ़ाया उत्साह

विश्व साइकिल दिवस एवं ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर भारत माता चौक में पहली बार जुम्बा डांस का आयोजन किया गया। फिटनेस और मनोरंजन के अनूठे संगम के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडिय़ों एवं स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। ऊर्जावान संगीत की धुनों पर सभी प्रतिभागियों ने जमकर जुम्बा किया। कार्यक्रम का यह आकर्षक आयोजन लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा तथा फिटनेस को आनंद के साथ जोडऩे का सफल प्रयास साबित हुआ।

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर से खिलाडिय़ों को मिला नया मंच

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। शिविर के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिविर में प्रशिक्षित खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

साइकिलिंग के स्वास्थ्य एवं सामाजिक लाभ

कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित साइकिल चलाने से हृदय की कार्यक्षमता में सुधार होता है, वजन नियंत्रित रहता है तथा शरीर की सहनशक्ति बढ़ती है। इसके अलावा तनाव कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।साइकिलिंग एक पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन भी है, जिससे वायु प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है। साथ ही ईंधन की बचत और परिवहन व्यय में कमी भी होती है। इसलिए साइकिलिंग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।

जनभागीदारी ने बनाया आयोजन को यादगार

 ‘संडे ऑन साइकिल ’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा  ‘स्वस्थ तन, स्वस्थ भारत ’ के संदेश का व्यापक प्रसार करना था। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी एवं सफल बनाया।

इस अवसर पर कलेक्टर, एसपी, रायपुर जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा दिवाकर, युगल देवांगन, पार्षद, विकास तंबोली,  लक्की साहू, रोशन दत्त, संदीप यादव, राजू देवांगन, अमृका निर्मलकर, दीनानाथ साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट