बेमेतरा

तालाब की नीलामी का विरोध, पार्षद को बंधक बना जान से मारने की धमकी का आरोप
05-Jun-2026 6:32 PM
तालाब की नीलामी का विरोध, पार्षद को बंधक बना जान से मारने की धमकी का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 5 जून। पालिका क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। जिसमें वार्ड नंबर 01 पीकरी के पार्षद राजकुमार खंडे ने शासकीय तालाब की नीलामी का विरोध करने पर वार्ड के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जान से मारने की धमकी देने के साथ बंधक बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीडि़त पार्षद और एक अन्य स्थानीय निवासी ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

शिकायत पत्र के अनुसार वार्ड नंबर 01 पीकरी में पानी की भारी समस्या के निराकरण के लिए पैठू तालाब का गहरीकरण कार्य जिला खनिज और नगर पालिका निजी कंपनी को सौपा था। इस खुदाई से निकली मिट्टी का उपयोग बेमेतरा बाईपास निर्माण में किया जा रहा था।

पार्षद राजकुमार खंडे द्वारा 2 जून को दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार वार्ड के प्रभु वर्मा ,चमरू वर्मा, चंपू वर्मा, लच्छू, देहरी, रोहित, अनंत और यशवंत लहरे ने मिलकर 2 जून की शाम 7 बजे सतनामी पारा एक बैठक आयोजित की। आरोप है कि यह बैठक शासकीय पैठू तालाब को अवैध रूप से 5 लाख रुपए में व्यक्तिगत समूह को नीलाम करने के उद्देश्य रखी गई थी।

एक अन्य नागरिक को पीटा

इस मामले में केवल पार्षद ही नहीं बल्कि वार्ड के एक अन्य नागरिक धन सिंह वर्मा भी इस असामाजिक तत्वों के आक्रोश का शिकार हुए हैं। शिकायत के अनुसार धन सिंह वर्मा भी बैठक में शामिल हुए थे। उन्होंने जब शासकीय तालाब की नीलामी का विरोध किया तो प्रभु वर्मा ने उनके साथ भी गाली- गलौज की।

धन सिंह वर्मा का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद उन्होंने भी कोतवाली थाने में प्रभु वर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश

पार्षद खांडे का कहना है कि जब इस बैठक में पहुंचे तो उक्त लोगों ने उन पर अवैध नीलामी का समर्थन करने के लिए भारी दबाव बनाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर तालाब के खनन का पैसा खाने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पार्षद को घेर कर गाली-गलौज की, उन्होंने बंधक बना लिया और जान से मारने का प्रयास भी किया। पार्षद ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

दोनों ही आवेदनों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पावती जारी कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए शासकीय संपत्ति की अवैध नीलामी के प्रयास, जनप्रतिनिधियों को बंधक बनाने और मारपीट व धमकी की धाराओं के तहत जांच में जुट गई है। स्थानीय नागरिकों में इस गुंडागर्दी लेकर भारी आक्रोश में व्याप्त है।

एक पक्ष ने शिकायत की है- टीआई

थाना प्रभारी सोनम ग्वाला ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष का आवेदन मिला है, इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट