बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 जून। शासकीय कन्या प्राथमिक शाला देवकर में विद्यार्थी और प्रधान पाठक गिरिजा पटेल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक गुणों के विकास एक पहल शुरू की गई है। जिसमें विद्यालय के बच्चों ने उनके साथ मिलकर प्रतिदिन न केवल स्कूल में बल्कि अपने घरों में भी भी पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था का संकल्प लिया है।
प्रधान पाठक गिरिजा पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में पक्षियों की कम होती संख्या एक चिंतनीय विषय है। साथ ही बच्चों में मदद की भावना जागृत करना एवं पशु पक्षियों के प्रति प्रेम भाव तथा पर्यावरण संतुलन के लिए यह बहुत ही सुंदर कार्य है। पक्षी हमारे सच्चे मित्र हैं। हमें सदैव पर्यावरण और जीव जंतुओं से मित्रता पूर्ण व्यवहार करना चाहिए। वर्तमान में प्रकृति में हो रहे परिवर्तन को देखते हुए बच्चों को इस क्षेत्र में जागृत करना बहुत ही आवश्यक है और यह एक सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अभियान के तहत बच्चे शाला में आज स्कूल में लगाए गए पेड़ पौधों की देखभाल भी करते हैं। इस कार्य में कक्षा पांचवी से सोनिया कुम्हार और कक्षा चौथी से कावेरी साहू तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रानी साहू ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया है। इस प्रयास से बच्चों में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा का भाव विकसित हो रहा है।


