बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 मई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित बेमेतरा प्रवास एवं विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में रायपुर शहर जिला प्रभारी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी जनप्रतिनिधि गण ने कार्यक्रम स्थल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आम नागरिकों की कार्यक्रम में अधिक अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो, इसकी समीक्षा की। राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह भी आयोजित है, जहां विधायक बेमेतरा दीपेश साहू भी परिणय सूत्र में बंधेगे और यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा।
राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के विकास, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा गरीब कल्याण की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से जनता में व्यापक विश्वास और उत्साह का वातावरण है। मुख्यमंत्री के बेमेतरा आगमन को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगा तथा प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद विजय बघेल, विधायक ईश्वर साहू भी मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।


