बेमेतरा

अवैध खनन, विरोध करने पर परिवार को पीटा, 4 बंदी
22-May-2026 7:13 PM
अवैध खनन, विरोध करने पर परिवार को पीटा, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 मई। ग्राम भिनपुरी में मिट्टी के अवैध खनन का विरोध करने पर खनन माफिया व साथियों द्वारा परिवार की लाठी-डंडों से पिटाई का मामला सामने आया है।

मामला भिनपुरी निवासी कमल साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट का है। इस प्रकरण में वोटेबंद निवासी चाकेंद्र, रेखराज, निलेश, जितेंद्र वर्मा पर अपराध दर्ज हुआ है।  प्रकरण में आरोपियों पर बलवा सहित बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कोतवाली थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार प्रार्थी का दुर्ग रोड बेमेतरा में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। बीती रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर बेमेतरा से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान पार्टी ने खेत जाने के रास्ते में जेसीबी से मिट्टी खुदाई चल रहा था। यहां जेसीबी चालक को खुदाई करने से मना किया, लेकिन चालक ने काम बंद नहीं करने की बात कही। इसके बाद प्रार्थी अपने घर लौट आया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।

खेत जाने के रास्ते में खनन रुकवाने के लिए प्रार्थी अपने पिता शंभू साहू, भाई मिथलेश, पड़ोसी राजेंद्र वर्मा, सीताराम वर्मा के साथ मौके पर पहुंचा। वहीं मौके पर मुख्य आरोपी चाक्रेन्द्र वर्मा भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद था। इस दौरान खनन को रोकने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई और सभी आरोपियों ने प्रार्थी समेत उनके पिता व छोटे भाई की लाठी डंडों से पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

एसपी को सौंपा ज्ञापन

इस घटना को लेकर साहू समाज में खासा आक्रोश है।  जिला साहू संघ अध्यक्ष नाराज साहू ने बताया कि प्रार्थी के कथन अनुसार अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया है। प्रार्थी के कथन  को एफआईआर में शामिल कर न्याय संगत धाराएं जोडऩे का आग्रह करते हुए एसपी को ज्ञापन सौंपा गया है।

 ज्ञापन सौंपने जिला साहू संघ के पदाधिकारी रात्रि करीब 7.30 कार्यालय पहुंचे।


अन्य पोस्ट