बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 मई। शहर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में फोटो स्टूडियो के काउंटर से सोने के जेवर गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि दूसरे मामले में सूने मकान से नगदी और जेवर चोरी होने की सूचना पुलिस को दी गई है।
पहली घटना में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह साजा थाना क्षेत्र का निवासी है और बेमेतरा के नयापारा में रहकर एक वाटर प्लांट में काम करता है। उसके अनुसार, उसने अपने परिचित के नाम पर बैंक से गोल्ड लोन लिया था। लोन की राशि जमा करने के बाद बैंक से प्राप्त आभूषणों को उसने एक प्लास्टिक डिब्बे में रखकर अपने पास रखा था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह शाम करीब 4.15 बजे रतन टॉकीज के पास स्थित एक फोटो स्टूडियो में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए गया था। इस दौरान वह कथित रूप से जेवर वाला डिब्बा काउंटर पर भूल गया। कुछ समय बाद वापस लौटने पर डिब्बा वहां नहीं मिला। शिकायत में सोने के मंगलसूत्र पाइप, मोहर सिक्के और झुमके सहित करीब 4.60 लाख रुपये मूल्य के जेवर गायब होने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। स्टूडियो संचालक ने पुलिस को बताया कि सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे।
दूसरी घटना शहर के वार्ड 10 कोबिया क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता ओमप्रकाश निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि वह और उनकी पत्नी एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर में चोरी होने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति घर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और नगदी तथा जेवर चोरी कर ले गए। चोरी गई संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। कोबिया मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।


