बेमेतरा

प्रधानमंत्री के ‘टीबी मुक्त भारत’ संकल्प को साकार करने महिला मोर्चा मैदान में - प्रज्ञा
11-May-2026 4:04 PM
प्रधानमंत्री के ‘टीबी मुक्त भारत’ संकल्प को साकार करने  महिला मोर्चा मैदान में - प्रज्ञा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 11 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अब बेमेतरा जिले में महिला शक्ति भी पूरी ताकत से मैदान में उतर गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खण्डसरा में आयोजित सौ दिवसीय निक्षय निरामय अभियान की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में महिला मोर्चा और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर जिले को वर्ष 2027 तक क्षय रोग मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों और महिला मोर्चा की संयुक्त रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में घर-घर सर्वे अभियान चलाकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। साथ ही हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से गांवों में त्वरित जांच की व्यवस्था की गई है।

बेमेतरा ब्लॉक के 49 गांवों को हाई रिस्क क्षेत्र के रूप में चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी और उपचार अभियान संचालित किया जा रहा है। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहडेलर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज, जिला समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, मितानिन प्रशिक्षक और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर उपस्थित रहे। वहीं महिला मोर्चा की ओर से जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी, पिंकी नेमा, उमा पटेल, पिंकी जायसवाल ,उषा साहू,मोनिका सोनी,सरोज ,पुष्पा ,कौशलया कुमारी जांगड़े सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।

बैठक को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टीबी मुक्त भारत अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश को स्वस्थ और सशक्त बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाएंगी। हर घर तक पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने कहा हम सबका लक्ष्य स्पष्ट है  वर्ष 2027 तक बेमेतरा जिले को क्षय रोग मुक्त बनाना है, महिला मोर्चा की प्रत्येक बहन इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। जब समाज और प्रशासन साथ आएंगे, तब टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त करना संभव होगा।


अन्य पोस्ट