बेमेतरा

गौवंशों की मौत: प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद
10-May-2026 11:09 PM
गौवंशों की मौत: प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 10 मई। ग्राम झिरिया में गौवंशों की मौत के मामले को लेकर जिला युवा कांग्रेस द्वारा प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

यह विरोध प्रदर्शन उसलापुर-झिरिया स्थित वन विभाग नर्सरी क्षेत्र में कथित 300 गौवंशों की मौत के मामले को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले में प्रशासन की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पहले जनपद सदस्य दीपक दिनकर द्वारा भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन धरना भी किया गया था।

प्रदर्शन में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक  आशीष छाबड़ा, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी सहित कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने गौवंशों की मौत की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने राज्य सरकार और खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान अनिरुद्ध मिश्रा जांच टीम गठित किए जाने और पशुओं के व्यवस्थापन की जानकारी लेकर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताई।

प्रशासन की ओर से गौवंशों की मौत के मामले की जांच के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन अभियंता, पशु चिकित्सा विभाग और वन विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

वहीं छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग ने पशु चिकित्सा विभाग को उसलापुर-झिरिया क्षेत्र में मौजूद पशुओं के व्यवस्थापन के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के अनुसार, पशुओं को विभिन्न गौधामों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।


अन्य पोस्ट