बेमेतरा

बंगाल में सेवा भाव से प्रेरित राजनीति की जीत - राजेन्द्र
06-May-2026 4:21 PM
बंगाल में सेवा भाव से प्रेरित  राजनीति की जीत - राजेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,  6 मई। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए को मिली ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व विजय पर रायपुर शहर जिला भाजपा प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राजेन्द्र शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष भाजपा किरण देव से सौजन्य भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह विजय केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास, समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और मजबूत संगठन की जीत है।

 राजेन्द्र शर्मा ने इस ऐतिहासिक जीत पर सभी कार्यकर्ता साथियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत किया और जनता तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम भाजपा की विचारधारा, राष्ट्र प्रथम की नीति और सेवा भाव से प्रेरित राजनीति की जीत है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसका सीधा प्रभाव इन चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश की जनता ने एक बार फिर विकास की राजनीति पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।

राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा रोजगार एवं बुनियादी ढांचे के विकास जन-जन तक पहुंच रही हैं, जिससे जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में मिली यह जीत भाजपा के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है और आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मेहनत से बंगाल में ऐतिहासिक परिणाम आया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष  किरण देव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के समर्पण को इस विजय का प्रमुख आधार बताया।

अंत में  राजेन्द्र शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा और एनडीए आने वाले समय में भी जनसेवा, सुशासन और विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहकर देश और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।


अन्य पोस्ट