बेमेतरा
महंगाई की बढ़ती मार, कांग्रेस का हल्लाबोल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 5 मई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय में बढ़ती महंगाई एवं घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में व्यापक एवं प्रभावी प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के नेतृत्व में शहर के सिग्नल चौक पर गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक ‘अर्थी’ बनाकर उसकी शव यात्रा निकाली गई।
कांग्रेसजनों ने कहा कि गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के कारण शादियों-विवाह, घरेलू उपयोग तथा सार्वजनिक आयोजनों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग का जीवन अत्यंत प्रभावित हुआ है। इसी जनहित के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी मैदान में उतरकर जनता की आवाज बुलंद कर रही है।
शव यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिग्नल चौक पहुंची, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक विरोध नहीं, बल्कि आम जनता के हक और राहत के लिए उठाया गया मजबूत कदम है। अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में और भी व्यापक एवं उग्र आंदोलन किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी सहित कांग्रेस के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कविता साहू, मंगत साहू अध्यक्ष जिला युवा कांग्रेस श्री प्रांजल तिवारी, शकुंतला साहू, रश्मि मिश्रा, शशी प्रभा गायकवाड़, सुशीला जोशी, योगिता साहू, रूबी सलूजा, जनता साहू, नेमा निषाद, नीलम टंडन, बाल कुमारी, हेमिन यादव, मिथलेश वर्मा, झम्मन बघेल, रवि रजक, सीताराम यदु, मनोज शर्मा, भीखम साहू, वतन मिश्रा, दीपक दिनकर, संतोष पटेल, राजेन्द्र दुबे, बहल राम वर्मा, बलवंत साहू, मिंटा नामदेव, राम ठाकुर, हरि साहू, शिव वर्मा, हेमू साहू, मिथलेश वर्मा, संजय वर्मा, भाव सिंह राज बोधन साहू धनंजय साहू मोहित वर्मा प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


