बेमेतरा

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर शुरू
04-May-2026 3:20 PM
ग्रीष्मकालीन खेल  प्रशिक्षण शिविर शुरू

बेमेतरा, 4 मई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ 1 मई को प्रात: 7:30 बजे पीएम श्रीस्वामी आत्मानंद शासकीय शिवलाल राठी विद्यालय में किया गया। जिले के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाडिय़ों को सुविधाजनक स्थानों पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

इस 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में क्रिकेट, कराते, गतका, नेटबॉल, खो-खो, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस जैसे खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी व्यायाम शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में दिया जाएगा। क्रिकेट, कराते और टेबल टेनिस का प्रशिक्षण सेजेस राठी विद्यालय में, बैडमिंटन, गतका और नेटबॉल का स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में, जबकि कराते का प्रशिक्षण कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेमेतरा, साजा एवं कृषि उपज मंडी मैदान में आयोजित होगा। इस आयोजन में विभिन्न खेल संघों के खिलाडिय़ों एवं कोचों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।

जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले के बच्चों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेलों से जुडऩे और अपने कौशल को निखारने की अपील की है। वहीं जिला खेल अधिकारी सुश्री पिंकी मनहर ने बताया कि इस शिविर से शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी लाभान्वित होंगे। जिले के ग्रामीण खेल अभ्यास केंद्रों में भी शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे बढऩे का अवसर मिल सकेगा।


अन्य पोस्ट