बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 3 मई। बेमेतरा जिले के डाइट संस्थान में कक्षा सातवीं की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित बीआरजी (ब्लॉक रिसोर्स ग्रुप) का प्रशिक्षण 4 मई से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण पांच दिनों तक आयोजित किया जाएगा।
डाइट बेमेतरा के प्राचार्य जे.के. घृतलहरे ने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले अप्रैल में प्रशिक्षण की शुरुआत हुई थी, जिसमें दो दिन का प्रशिक्षण पूरा हो पाया था, जबकि बाद में इसे स्थगित कर दिया गया था।
अब शेष प्रशिक्षण कार्यक्रम पुन: निर्धारित किया गया है। इसके तहत सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी विषय का प्रशिक्षण 4 से 8 मई तक आयोजित होगा। वहीं विज्ञान, गणित, हिंदी और संस्कृत विषयों का शेष प्रशिक्षण 6 से 8 मई तक किया जाएगा।
प्रशिक्षण में जिले के चारों विकासखंडों से चयनित बीआरजी शामिल होंगे। इसके लिए संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) को निर्देश जारी किए गए हैं कि प्रत्येक विषय के लिए तीन-तीन प्रतिभागियों को निर्धारित तिथियों में भेजा जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रशिक्षण के दौरान अन्य शासकीय कार्य प्रभावित न हों।
प्रशिक्षण का समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
प्राचार्य घृतलहरे के अनुसार, कक्षा सातवीं की नई पाठ्यपुस्तकें राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तैयार की गई हैं, जिनमें समझ-आधारित और गतिविधि-आधारित शिक्षण पर जोर दिया गया है। उनका कहना है कि ये पुस्तकें विद्यार्थियों को विषयों को बेहतर तरीके से समझने और व्यवहारिक जीवन से जोडऩे में सहायक होंगी।


