बेमेतरा

युवा कांग्रेस ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, पुतला फूंका
28-Apr-2026 2:28 PM
युवा कांग्रेस ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 अप्रैल। जिला युवा कांग्रेस ने सिग्नल चौक पर गौवंश संरक्षण, किसानों को मुआवजा और अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का कारण बताते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम उसलापुर झिरिया में वन विभाग द्वारा विकसित क्षेत्र में बड़ी संख्या में गौवंश को घेरकर रखा गया था। उनका आरोप है कि पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था नहीं थी, जिससे कई गौवंश की मौत हो गई।

कार्यकर्ताओं के अनुसार, बाद में पशुओं को छोड़ दिया गया, जिससे आसपास के किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल के खिलाफ विरोध जताया गया।

युवा कांग्रेस ने मांग की है कि घटना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए और गौवंश के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ी है और मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, जिला महासचिव दीपक दिनकर ने कहा कि संगठन इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट