बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 अप्रैल। भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले में स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत नागरिकों को पहली बार ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी भरने की सुविधा दी गई है, जिससे जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी, सरल और तेज हो सके।
स्व-गणना कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना प्रपत्र भरा गया। इसी क्रम में एसएसपी रामकृष्ण साहू द्वारा भी स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण की गई। दोनों अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल माध्यम से इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। नागरिकों के लिए जनगणना संबंधी जानकारी भरने हेतु विशेष पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही स्व-गणना फॉर्म भरा जा सकता है। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फॉर्म भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा। यदि कोई नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो प्रगणक 1 से 30 मई के बीच घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना किसी झिझक के सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करें।


