बेमेतरा

जमीन रजिस्ट्री में अनियमितता की शिकायत, जांच टीम गठित
20-Apr-2026 7:39 PM
जमीन रजिस्ट्री में अनियमितता की शिकायत, जांच टीम गठित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 20 अप्रैल।
स्थानीय उप पंजीयक कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री में अनियमितता की शिकायत कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई से की गई है। शिकायत शहर की मां कालिका सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा तीन बिंदुओं में दर्ज कराई गई है। इस पर जिला पंजीयन विभाग ने जांच के लिए टीम गठित की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ मामलों में सिंचित भूमि को असिंचित दिखाकर तथा महंगे वार्ड की जमीन को कम दर वाले वार्ड में दर्शाकर रजिस्ट्री की जा रही है। इससे राजस्व हानि होने की बात कही गई है।
यह भी बताया गया है कि नियमों के अनुसार छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री के लिए संबंधित विभागों की अनुमति आवश्यक होती है, लेकिन कुछ मामलों में कम क्षेत्रफल की भूमि की रजिस्ट्री किए जाने का आरोप है।
मुख्य मार्ग से दूरी के आधार पर जमीन के मूल्य निर्धारण में भी अनियमितता की बात शिकायत में कही गई है। इसके अलावा सिंचित भूमि को असिंचित बताकर रजिस्ट्री शुल्क और स्टांप ड्यूटी कम किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
जिला पंजीयक अधिकारी संतुलाल नेताम ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच के लिए टीम गठित की गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट