बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अप्रैल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानो में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बच्चों को भाषाई कौशल के साथ अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कैंप में फोटो फ्रेम, हस्तकला, पोस्टर एवं चित्रकारी, फाइल बनाना तथा संकलन पुस्तिका निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक विवाह की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें बच्चे विभिन्न रस्मों के साथ पुतरा-पुतरी का विवाह करेंगे।
शिक्षिका प्रतीक जैन ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतरीन मंच है। इससे आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कौशल विकसित होते हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों और खेलों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिठाई, चॉकलेट और लड्डू वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य द्वारिकाराम वर्मा, किशुनराम साहू, उत्तम साहू, अवधराम वर्मा, कनकलता सरसुधे, प्रज्ञा जैन, दीनदयाल वर्मा, अमृत गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।


