बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 16 अप्रैल जिले में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनगणना से जुड़े सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताया और नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की। कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले के सभी विकासखंडों में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
इस प्रशिक्षण में प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी संकलन की प्रक्रिया, नागरिकों से संवाद के तरीके, डेटा की सटीकता बनाए रखने तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया है।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह देश और राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी की सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि जब जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचे, तो वे परिवार के सभी सदस्यों, उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक विवरणों की सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है और किसी भी प्रकार से इसका दुरुपयोग नहीं किया जाता।


