बेमेतरा

तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार
16-Apr-2026 3:08 PM
तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी,   बिहार से आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

बेमेतरा, 16 अप्रैल। तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने के आरोप में साइबर सेल और थाना साजा की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को बिहार के दरभंगा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रविंद्र कुमार देव, निवासी ग्राम माधोपुर, थाना बहेरा, जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पिपरिया निवासी भागवत साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मुलाकात आरोपी से फरवरी में हुई थी। आरोपी ने स्वयं को गोरखनाथ शक्ति बाबा बताकर उसकी पारिवारिक समस्या का समाधान करने का दावा किया।

शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने 10 फरवरी और 14 फरवरी को प्रार्थी के घर जाकर तंत्र-मंत्र से समस्या दूर करने की बात कही और विभिन्न तरीकों से नकद राशि ली। आगे भी अलग-अलग तारीखों पर आरोपी द्वारा पैसे लेने के आरोप लगाए गए हैं।

जेवरात लेने का भी आरोप

शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी को आरोपी ने प्रार्थी की अनुपस्थिति में उसके परिवार के सदस्यों से सोने-चांदी के जेवर ‘सिद्ध’ करने के नाम पर ले लिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी जेवर और नकदी लेकर चला गया।

प्रार्थी ने कुल लगभग 6.63 लाख रुपये की ठगी होने का आरोप लगाया है, जिसमें नकद राशि और जेवरात शामिल हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया। इसके बाद टीम को बिहार भेजा गया, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने व्यक्तिगत कर्ज चुकाने के लिए यह कार्य करने की बात बताई है। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के पास से कुछ जेवरात बरामद करने का दावा किया है।


अन्य पोस्ट