बेमेतरा

बुनियादी गणित एवं शिक्षण पद्धति पर चारों ब्लॉकों की कार्यशाला
12-Apr-2026 10:24 PM
बुनियादी गणित एवं शिक्षण पद्धति पर चारों ब्लॉकों की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 अप्रैल।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बेमेतरा के प्राचार्य जे.के. घृतलहरे के मार्गदर्शन में एफएलएन  एवं नवीन पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षण प्रशिक्षण के अंतर्गत तृतीय दिवस की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, प्रतिवेदन प्रस्तुति सूर्यकांत शुक्ला तथा प्रेरणा गीत उत्तम कुमार देवांगन द्वारा की गई।
प्रशिक्षण सत्र में डीआरजी खिलेंद्र कुमार साहू ने पर्यावरण विषय की वार्षिक कार्ययोजना, मूल्यांकन पद्धति तथा समसामयिक मुद्दों जैसे जनसंख्या वृद्धि, जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, ओजोन परत क्षरण, जल एवं वायु प्रदूषण, मृदा प्रदूषण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं वनों की कटाई पर विस्तार से चर्चा की।

मास्टर ट्रेनर डीआरजी यामिनी वर्मा ने एफएलएन, निपुण भारत मिशन एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत बुनियादी गणित के विभिन्न घटकों—संख्या ज्ञान, गणितीय संक्रियाएं, आकृतियां, स्थानिक समझ, पैटर्न, मापन, आंकड़ों का प्रबंधन एवं मौखिक गणितीय संप्रेषण—पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बुनियादी गणित सिखाने के ईएलपीएस अप्रोच तथा चार-स्तरीय (फोर ब्लॉक) मॉडल—मौखिक गणितीय संवाद, कौशल शिक्षण, अभ्यास एवं गणितीय खेल—का डेमो भी प्रस्तुत किया।
डीआरजी गिरिजा पटेल ने समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से गणित शिक्षण में आने वाली चुनौतियों, समाधान रणनीतियों, लर्निंग पिरामिड तथा शिक्षण को रोचक बनाने के उपायों पर चर्चा की। वहीं आशा चंदेल ने टीएलएम (शिक्षण-सामग्री) के प्रभावी उपयोग एवं शिक्षण संदर्शिका से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर अपने विचार रखे।

समापन सत्र में मनोज कुमार पाटिल (पूर्व माध्यमिक शाला बिलई) ने छत्तीसगढ़ी भाषा में रचित कविता प्रस्तुत की, जबकि प्रशिक्षण प्रभारी जी.एल. खुटियारे (व्याख्याता, डाइट बेमेतरा) ने प्रेरक गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

कार्यशाला में बीआरजी के रूप में खुशबू दुबे, अहिल्या कुंजाम, डोगेंद्र कुंजाम, सावित्री साहू, निखिल तिवारी, शांत कुमार पटेल, अम्बालिका पटेल, रमा तरार, ईश्वरी प्रसाद घृतलहरे, राधेश्याम बैस, शिखा चौबे, मन्नू लाल साहू, उद्धव साहू सहित अनेक शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।


अन्य पोस्ट