बेमेतरा

सडक़ों का निरीक्षण
10-Apr-2026 3:49 PM
सडक़ों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 10 अप्रैल। छत्तीसगढ़ ग्रामीण सडक़ विकास अभिकरण, सिविल लाईन्स रायपुर के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा द्वारा जिले का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत निर्मित सडक़ों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। विशेष रूप से 5 वर्ष की संधारण अवधि वाले सडक़ों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सडक़ों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं वर्तमान हालत का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया।

मुख्य अभियंता ने जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर सडक़ों के रखरखाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर नियमित संधारण कार्यों में कमी देखी जा रही है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।

 उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित सडक़ों का नियमित रखरखाव एवं मरम्मत कार्य ठेकेदारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने सडक़ों के संधारण से जुड़े विभिन्न पहलुओं जैसे पैच रिपेयर, पॉट होल्स (गड्ढों) की मरम्मत, सडक़ किनारे उगी झाडिय़ों की सफाई, पुल-पुलियों की रंगाई-पुताई तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण संधारण से ही सडक़ों की दीर्घायु सुनिश्चित की जा सकती है और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बना रह सकता है। मुख्य अभियंता शर्मा ने यह भी निर्देशित किया कि जिन ठेकेदारों द्वारा 05 वर्ष की नियमित संधारण अवधि के दौरान कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

ऐसे मामलों में संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राशि राजसात करते हुए डीएलपी प्रकरण प्रस्तुत करने के लिए कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया है। इससे कार्य में जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट