बेमेतरा

जनदर्शन में 28 आवेदन, कई मामलों का त्वरित निराकरण
07-Apr-2026 4:22 PM
जनदर्शन में 28 आवेदन, कई मामलों का त्वरित निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 अप्रैल। जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकास खंडों और ग्रामों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी शिकायतें, समस्याएँ और मांगें रखीं। इस दौरान सीईओ पदमाकर ने सभी उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया, जबकि जांच योग्य मामलों को टीएल पंजी (टाइम लिमिट रजिस्टर) में दर्ज कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। जनदर्शन में 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई तात्कालिक महत्व के थे। इनमें भूमि संबंधी विवाद, पेंशन, मुआवजा, आवास योजना, विद्युत तारों की ऊँचाई, रास्ते की समस्या, मुक्तिधाम के लिए भूमि जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों द्वारा निराश्रित पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, बैटरी चलित ट्रायसायकल की मांग, कटा हुआ रकबा जोडऩे, खाद गड्ढा हटाने, तथा आम रास्ता खुलवाने जैसे विषयों पर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। सीईओ श्रीमती प्रेमलता पदमाकर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निपटारा किया जाए और समाधान की जानकारी आवेदक को दी जाए।

 उन्होंने कहा कि जनदर्शन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायतों के निराकरण से वंचित न रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट