बेमेतरा

शिक्षक आशीष वर्मा का एफएलएन सह नवाजतन वॉरियर्स के लिए चयन
05-Apr-2026 9:14 PM
शिक्षक आशीष वर्मा का एफएलएन सह नवाजतन वॉरियर्स के लिए चयन

बेमेतरा, 5 अप्रैल। शासकीय प्राथमिक शाला आंदू में पदस्थ शिक्षक आशीष वर्मा का चयन वर्ष 2026 के एफएलएन सह नवाजतन वॉरियर्स पुरस्कार के लिए किया गया है। यह चयन छत्तीसगढ़ राज्य स्तर पर आयोजित एक प्रतियोगिता के आधार पर हुआ है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों में आधारभूत भाषाई एवं गणितीय कौशल विकसित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यभर के शिक्षकों ने भाग लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया में कुल 100 शिक्षकों का चयन किया गया, जिनमें बेमेतरा विकासखंड से आशीष वर्मा शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की गई थी।
 पहले चरण में कक्षा का ऑनलाइन मूल्यांकन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की भाषाई एवं गणितीय दक्षता से संबंधित परीक्षण हुआ। दूसरे चरण में शिक्षण गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज एवं सामग्री ऑनलाइन प्रस्तुत की गई। तीसरे चरण में शिक्षकों का साक्षात्कार लिया गया। इन तीनों चरणों के आधार पर अंतिम चयन किया गया।
यह पुरस्कार एफएलएन एवं नवाजतन से जुड़े शिक्षक समूह द्वारा प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति प्रस्तावित बताई गई है।
आशीष वर्मा ने अपने चयन का श्रेय जिला एवं विकासखंड शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया है।


अन्य पोस्ट