बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 अप्रैल। प्राथमिक शाला साल्हेपुर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इसमें बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक अंबालिका पटेल ने बच्चों को हनुमान जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा भजन, कविता पाठ, हनुमान जी पर निबंध, एवं लघु प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अनेक महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों की सीख मिली। उन्होंने सीखा कि कठिन परिस्थितियों में भी साहस और धैर्य बनाए रखना चाहिए। हनुमान जी की भक्ति और समर्पण से बच्चों को गुरुजनों एवं बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की प्रेरणा मिली। साथ ही, सेवा भाव, निस्वार्थता, सत्यनिष्ठा और अनुशासन का महत्व भी बच्चों ने समझा। यह भी संदेश मिला कि आत्मविश्वास और परिश्रम के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने मिलकर हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएँ दीं। इस आयोजन ने बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके नैतिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।


